10/03/2026
दिव्यांग जनों की समस्याओं को लेकर कन्फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री सकीना इत्तू से की मुलाकात
जम्मू, 10 मार्च (मंगलवार)।
कन्फेडरेशन फिजीकली चैलेंज्ड ऑर्गेनाइजेशन जम्मू-कश्मीर के प्रतिनिधिमंडल ने आज जम्मू सचिवालय में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग की मंत्री माननीय श्रीमती सकीना इत्तू से मुलाकात कर दिव्यांग जनों से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं और मांगों को उनके समक्ष रखा।
इस बैठक में कन्फेडरेशन से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कन्फेडरेशन के प्रधान श्री राम दास दुबे ने किया। उनके साथ श्री रोशन भान (प्रिंसिपल, मूक-बधिर विद्यालय), श्री उमेश शर्मा (चेयरमैन, डिसेबल केयर फाउंडेशन) तथा श्री सुशील शर्मा (चेयरमैन, ऑल जम्मू-कश्मीर दिव्यांग कल्याण संघ, पंजीकृत) सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान दिव्यांग जनों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से मांग की कि दिव्यांग जनों के लिए अलग से निदेशक की नियुक्ति की जाए तथा दिव्यांग पेंशन को बढ़ाकर कम से कम पांच हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए, ताकि महंगाई के इस दौर में उन्हें राहत मिल सके।
इसके अतिरिक्त यह भी मांग रखी गई कि सचिवालय आने वाले दिव्यांग व्यक्तियों को चेक-प्वाइंट पर केवल यूडीआईडी कार्ड दिखाकर प्रवेश की अनुमति दी जाए। दिव्यांग जनों को एएवाई राशन कार्ड श्रेणी में शामिल करने की मांग भी की गई, जिससे उन्हें आवश्यक खाद्यान्न सस्ती दरों पर उपलब्ध हो सके।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आग्रह किया कि पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों में दिव्यांग जनों को राजनीतिक अधिकार प्रदान किए जाएं, जैसा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में लागू है। इसके साथ ही दिव्यांग आयुक्त की शीघ्र नियुक्ति, एडवाइजरी बोर्ड तथा दिव्यांग आयुक्त की एडवाइजरी कमेटी का गठन जल्द करने और दिव्यांगता अधिकार अधिनियम 2016 को जम्मू-कश्मीर में पूर्ण रूप से लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
बैठक के दौरान एक महत्वपूर्ण विषय यह भी सामने आया कि जम्मू-कश्मीर सरकार में चतुर्थ श्रेणी से लेकर उच्च पदों तक जो कर्मचारी दिव्यांगता कोटे के तहत कार्यरत हैं, उनके दिव्यांगता प्रमाण-पत्रों की पुनः जांच कराई जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति फर्जी प्रमाण-पत्र के आधार पर लाभ न ले रहा हो। इस पर मंत्री महोदया ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समाज कल्याण विभाग के कमिश्नर सचिव श्री सरमत को जांच कराने के निर्देश दिए।
लगभग एक घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में मंत्री सकीना इत्तू ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित मुद्दों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में अन्य सदस्यों में श्री प्रवीण, श्री इरशाद, श्री फिरोज तथा श्री गोपाल भी उपस्थित रहे। समाज कल्याण विभाग की ओर से दोनों संभागों के निदेशक सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।