08/02/2026
कोटद्वार के गब्बर सिंह कैंप में आज इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (INTACH), कोटद्वार चैप्टर द्वारा ‘ट्री ऑफ लाइफ’ विषय पर पोस्टर एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में कोटद्वार क्षेत्र के 20 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पर्यावरण, प्रकृति और सांस्कृतिक विरासत के प्रति अपनी रचनात्मक एवं विचारपूर्ण अभिव्यक्तियाँ प्रस्तुत कीं।
यह कार्यक्रम INTACH कोटद्वार चैप्टर की कन्वीनर शंभवी पादुकोण राणा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें प्रख्यात नेचुरलिस्ट एवं INTACH सदस्य वृंदा बजाज की विशेष उपस्थिति एवं सहभागिता रही। कार्यक्रम का आयोजन INTACH एवं गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें कैंप अद्वैत, दुगड्डा, ट्रिपटिक कंसल्टेंसी एवं सर्वोदय स्कूल्स का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी, रचनात्मक सोच और विषय की गहरी समझ ने इस आयोजन को अत्यंत प्रेरणादायी एवं सफल बनाया।